लम्बे समय से बीमार महिला की बाग में फंदे से लटकती मिली लाश
सिद्धार्थनगर के जोगिया कोतवाली क्षेत्र के महुआ गांव में अपनी भाभी के मायके आई एक विवाहिता का शव शुक्रवार की सुबह गांव के बाहर बागीचा में एक पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
उस्का थाना क्षेत्र के धोबहा गांव निवासी रामधनी की पुत्री गुड़िया (21) की शादी खेसरहा थाना क्षेत्र के पूरनजोत गांव निवासी जवाहिर से 17 जून 2019 को हुई थी। शादी के बाद वह 15 दिन ही ससुराल में रही। गुड़िया लगातार बीमारी की वजह से अवसाद में रहती थी। उसका पति मुंबई में रहता है। एक पखवारा पूर्व वह पत्नी का इलाज कराने के लिए ससुराल आया था। इलाज करा कर वह अपने घर चला गया। 10 दिन दिन पहले गुड़िया की तबीयत सही हो जाए इसलिए उसके मायके वालों ने जोगिया कोतवाली क्षेत्र के महुआ गांव निवासी उसकी भाभी लक्ष्मी के घर भेज दिया था।
गुरुवार रात लगभग नौ बजे वह घर से शौच जाने के लिए कह कर निकली पर लौटी नहीं। पूरी रात उसकी तलाश हुई पर कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं बागीचे की ओर गईं तो देखा कि पेड़ पर फंदे से गुड़िया का शव लटक रहा है। घर वालों के साथ पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर जोगिया पुलिस पहुंच गई। उसने पेड़ से शव को उतरवाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जोगिया कोतवाली प्रभारी अंजनी कुमार राय ने बताया कि मृतका के परिवारीजनों को सूचना देकर बुला लिया गया था। किसी ने कोई शिकायत नहीं की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।