महराजगंज में उचक्कों ने दिनदहाड़े महिला के लाखों के जेवर उड़ाए
महराजगंज में अंधवश्विास के भ्रमजाल में फंसाकर खुद को पुजारी बताने वाले दो ठग शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला का लाखों का जेवर लेकर फरार हो गए। महिला की आंख खुली तो उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद वह दहाड़े मारकर रोने लगी।
सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। शहर के आफिसर कालोनी में रहने वाली सावित्री देवी शुक्रवार को बैंक रोड पर फोटोकापी कराने गई थी। पति गोविन्द मिश्र की डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। वह कलेक्ट्रेट में कर्मचारी थे।
आंख खुली तो गहने के साथ गायब दिखे उचक्के
सावित्री देवी आफिसर कालोनी से कुछ जरूरी कागजात का फोटो कापी कराने बैंक रोड पर पहुंची थी। उसी समय दो युवक उसके पास पहुंचे। बताया कि वे पुजारी हैं। महिला को भ्रमजाल में फंसाने के लिए दुआ व तंत्र-मंत्र की बात कहने लगे। सावित्री देवी दोनों उचक्कों के झांसे में आ गई। इसके बाद उचक्कों ने महिला से उसके शरीर में पहने गहने का उतरवाया। महिला गहने उतार कर उचक्कों को दे दी। इसके बाद उचक्कों ने आंख बंद कर ओम नम: शिवाय का जाप करने को कहा। महिला उनकी बातों पर विश्वास करते हुए आंख बंद कर जाप करने लगी। कुछ देर बाद जब सावित्री देवी की आंख खुली तो गहना के साथ दोनों गायब मिले।
सोने का चेन, कंगन, अंगूठी व मोबाइल लेकर हुए रफूचक्कर
सावित्री देवी ने बताया कि दोनों युवकों की बातों पर विश्वास करते हुए वह पहने हुए सोने की चेन, दो कंगन, तीन अंगूठी उतार कर दे दी। मोबाइल भी ले लिए। आंख खुली तो गहना व मोबाइल के साथ दोनों युवक गायब मिले। उचक्कों द्वारा उड़ाए गए गहनों की कीमत डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है।
आफिसर कालोनी में रहने वाली सावित्री देवी नाम की महिला को उचक्कों ने भ्रमजाल में बेवकूफ बनाकर गहना लेकर फरार हो गए। प्रकरण में महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर उचक्कों की छानबीन की जा रही है।
शिव मनोहर यादव, प्रभारी कोतवाल